लखनऊ: -लखनऊ। बस्ती जिले के जेल गेट चौकी के पास किराए के घर में रह रहे एक सिपाही ने अपनी पत्नी को चाकू घोंप कर मौत के नींद सुला दिया। आरोपी कांस्टेबल गामा निषाद बस्ती डीसीआरबी में तैनात है। हाल ही में उसकी लव मैरिज हुई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि सिपाही गामा निषाद ने प्रेम विवाह करीब 10 दिन पहले किया था। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था। रोज झगड़े हो रहे थे। सोमवार की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान कांस्टेबल गामा निषाद ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पत्नी के पेट में कई वार कर दिए। काफी मात्रा में खून बहाने से पत्नी की घटनास्थल पर मौत हो गई। मध्यरात्रि को हुई इस घटना की सूचना पर एसपी अभिनंदन फोर्स संग मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए। आरोपी कांस्टेबल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एसपी ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।