लखनऊ: लाल किले से गूंजेगी ग्रामीण नारी सशक्तिकरण की गाथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगी कई लखपति दीदियाँ सोनभद्र से निर्मला देवीलाल किले के लिए रवाना एंकर - लखनऊ। देश की आजादी के राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त को राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह की साक्षी बनने का अवसर सोनभद्र की समूह सदस्य/उद्यमी निर्मला देवी को भी मिला है। सोमवार की रात सोनभद्र रेलवे स्टेशन से निर्मला को ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस वर्ष उत्तर प्रदेश की कई लखपति दीदियों को परेड में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी ये महिलाएं न केवल स्वयं सहायता समूहों के ज़रिए आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अब स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रदेश की ग्रामीण महिला शक्ति का गौरव भी बढ़ाएंगी। 14 अगस्त को सभी दीदियाँ राजधानी दिल्ली में निर्धारित स्थलों का भ्रमण करेंगी और 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित राष्ट्रीय ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लेंगी। उप मुख्यमंत्री मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दीदियों की यात्रा, ठहरने और अन्य सभी व्यवस्थाएं गरिमापूर्ण व नियमानुसार सुनिश्चित की जाएं। इन दीदियों की भागीदारी नारी सशक्तिकरण, सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की भावना को नई ऊँचाई प्रदान करेगी। सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि समूह सदस्य/उद्यमी निर्मला देवी का चयन राज्य स्तर से किया गया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। दिल्ली यात्रा पर निर्मला को रवाना कर दिया गया है। सोनभद्र के समूह की महिलाओं के लिए यह अत्यंत ही गर्व की बात है कि समूह की महिलाएं अपने बेहतर कार्य की बदौलत दिल्ली पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समारोह में शामिल हो रही हैं, इससे न केवल अन्य महिलाओं को सीख मिलेगी बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ेगा और उन्हें प्रेरणा मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्मला देवी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि महिला चाहे ले तो कुछ भी संभव है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण निर्मला देवी है, जिन्होंने अपने काम के दम पर अपनी एक अलग पहचान राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की है ।समूह की अन्य महिलाएं भी इनसे प्रेरणा लेकर के अपनी पहचान बनाएं और अपने साथ-साथ जिले के नाम को भी रोशन करें। उपायुक्त स्वत रोजगार सरिता सिंह ने कहा कि विगत वर्ष भी तीन महिलाएं 26 जनवरी के परेड में शामिल हुई थी, यह अत्यंत ही गर्व का विषय है कि प्रत्येक वर्ष किसी न किसी महिला का चयन दिल्ली जैसे कार्यक्रमों के लिए हो रहा है। आजीविका मिशन से जुड़े एमजी रवि ने बताया कि शासन के मंशानुरूप ट्रेन से निर्मला व उनके सहयोगी को दिल्ली में लिए रवाना कर दिया गया।
लखनऊ: