मुंबई: कोपरखैरने पुलिस स्टेशन के अंतर्गत रहने वाले एक नाबालिग लड़के की पहचान इंस्टाग्राम पर उल्वे क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला से हुई थी। समय के साथ उनकी जान-पहचान दोस्ती में बदल गई। 27 जुलाई की रात करीब 9 बजे दोनों के बीच वीडियो चैट हुई जिसमें नाबालिग लड़के ने महिला का अर्धनग्न वीडियो अपने मोबाइल में सेव कर लिया था। जब लड़के की मां मोबाइल चेक कर रही थीं तो उन्हें वह वीडियो दिख गया। उस समय मां ने लड़के को डांटा और घटना के बारे में पूछा। यह जानकर कि उनके बेटे से दोगुनी उम्र की महिला उसके साथ ऐसा कृत्य कर रही थी मां फौरन नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंच गईं।उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी और संबंधित महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल की जांच की और लड़के की मां की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित महिला पर मामला दर्ज किया। जांच में पता चला कि वह एक स्कूल में टीचर है जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कोपरखैरने पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक औदुम्बर पाटिल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़का 10वीं कक्षा में पढ़ता है और आरोपी महिला उल्वे के एक स्कूल में पहली से पांचवीं तक के बच्चों को पढ़ाती है। यह भी सामने आया है कि लड़के ने यह वीडियो अपने दो अन्य दोस्तों को भी दिखाया था। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर यह महिला उस नाबालिग बच्चे के अलावा और कितने लोगों से इस तरह की हरकत करती थी। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया था जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।