उत्तर प्रदेश: 8 साल की बच्ची से रेप और हत्या करने वाले 55 साल के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। जंगल में छिपे आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। एक गोली एसओजी इंचार्ज सचिन चौधरी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वे जमीन पर गिर पड़े और हाथ में चोट आ गई। सिपाही अमरदीप भी चोटिल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के सीने और कंधे के पास गोली लगी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान आरोपी को मृत घोषित कर दिया। बदमाश की पहचान मोहम्मदाबाद कोतवाली के पखना गांव निवासी मनु के रूप में हुई है। उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। मनु सुभाष अविवाहित था। उसके परिवार में कोई नहीं है। SP आरती सिंह ने बताया कि आरोपी एक साइको था। वह घूम-घूमकर मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाता था। उसके खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, अपहरण कर फिरौती मांगने जैसे कई संगीन मामले हैं।