चन्दौली : चंद्रप्रभा बांध का जलस्तर भी बढ़ गया है। सोनभद्र और चंदौली जिले में स्थित कर्मनाशा सिस्टम के बांधों के जल ग्रहण क्षेत्र में पिछले 36 घंटे में 65 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। इससे नगवा बांध से 20 हजार क्यूसेक पानी नौगढ़ बांध में छोड़ा गया है। इससे नौगढ़ बांध भी अपने उच्चतम जलस्तर को पार कर गया है। इसके चलते नौगढ़ बांध से भी 5000 क्यूसेक पानी मूसाखाड़ बांध में छोड़ा जा रहा है। इससे मूसाखाड़ भी उफान की ओर अग्रसर है। उधर, चंद्रप्रभा बांध का जलस्तर भी बारिश के कारण बढ़ा है लेकिन पानी उच्चतम जल स्तर से दूर है। सिंचाई विभाग के चंद्रप्रभा प्रखंड के सूत्रों के अनुसार नौगढ़ बांध का जलस्तर बारिश के कारण और नगवा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण उच्चतम बिंदु पर चला गया है। इसके चलते नौगढ़ बांध से पानी मूसाखाड़ में छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में नौगढ़ बांध का जलस्तर 895 फीट तक पहुंच गया है, जो उच्चतम जलस्तर है। उधर, मूसाखाड़ बांध में भी पानी अपने उच्चतम जलस्तर 354 फीट से मात्र एक फीट कम है। चंद्रप्रभा बांध का जल स्तर 758 फीट तक पहुंच गया है जबकि इस बांध का उच्चतम जलस्तर 775 फीट पर है। इसलिए चंद्रप्रभा बांध को अभी और बारिश का इंतजार है। चंद्रप्रभा प्रखंड के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश और नगवा से पानी छोड़े जाने से कर्मनाशा सिस्टम के बांध पूरी तरह भर गए हैं। आगे बारिश होने पर मूसाखाड़ से भी पानी छोड़ा जाएगा।