सोनभद्र: सोनभद्र। जिले में खाद की भारी किल्लत के चलते किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। घंटों लाइनों में लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार की नाकामी पर जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि योगी सरकार की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेती का मौसम चल रहा है और किसानों को खाद न उपलब्ध कराना उनके अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने बताया कि यह प्रदेशव्यापी आंदोलन सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित किया जा रहा है। किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि यह शर्मनाक है कि किसान अपनी ही धरती पर अन्न उपजाने के लिए खाद जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों की जेब भरने में लगी है, जबकि अन्नदाता दर-दर भटकने को मजबूर है। आप की प्रमुख मांगें: किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। खाद वितरण में हो रही भ्रष्टाचार और कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए। विरोध प्रदर्शन में संगठन प्रभारी नीरज पांडे, ज्योति जंग सिंह, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष दुर्गा देवी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केवल कुशवाहा, समीर खान, दिनेश पटेल, अनवर अली, प्रेमनाथ कन्नौजिया, शिवम सिंह घमड़ी, कमला प्रसाद, शंभू नाथ, संरक्षक राजेंद्र मौर्या, श्रीकांत तिवारी, राजेश कुमार, शैल कुमारी, विनय पांडे, धर्मेंद्र पांडे, सुभाष, रविन्द्र पटेल और सुरेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।