सोनभद्र: सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन और साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने व्हाट्सएप ट्रेडिंग फ्रॉड के शिकार हुए एक पीड़ित के 1.45 लाख रुपए में से 50 हजार रुपए उसके मूल खाते में वापस कराए हैं। सिटी सीओ रणधीर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आवेदक राहुल कुमार पुत्र रवीन्द्र नाथ ठाकुर, निवासी द्वारिकापुर, मुजफ्फरपुर (बिहार), वर्तमान में लोको कॉलोनी, चोपन में रहते हैं। उनके साथ अज्ञात व्यक्तियों ने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग के नाम पर 1.45 लाख रुपए की ठगी की थी। पीड़ित द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन, प्रभारी निरीक्षक चोपन विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व और साइबर टीम की कड़ी मेहनत से संबंधित खाते को होल्ड कराया गया। साइबर टीम की कार्रवाई: NCRP पोर्टल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। संबंधित बैंक शाखा से ईमेल पत्राचार कर फ्रॉड की धनराशि को होल्ड कराया गया। 23 अगस्त 2025 को सफलतापूर्वक 50,000 रुपए पीड़ित के मूल खाते में वापस किए गए। शेष 95,000 रुपए भी जल्द ही खाते में जारी किए जाएंगे। आवेदक राहुल कुमार ने थाना चोपन साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई और मदद के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की।