सोनभद्र: सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस ने दो होटलों पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को रेस्क्यू किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, होटल मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा को सूचना मिली थी कि रॉबर्ट्सगंज के कई होटलों में अनैतिक देह व्यापार चल रहा है। उनके निर्देश पर सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, महिला थानाध्यक्ष और एसओजी टीम ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान न्यू श्रीराम होटल और पटेल गेस्ट हाउस में आपत्तिजनक गतिविधियां पकड़ी गईं। पुलिस ने अवनीश कुमार और अविनाश सिंह को गिरफ्तार किया। साथ ही रामबाबू, अरुण कुमार सिंह और अमन सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया कि होटल संचालक बाहर से लड़कियों और महिलाओं को बुलाकर पैसे के लालच में देह व्यापार करवा रहे थे, जिससे आसपास के लोगों में आक्रोश है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।