सोनभद्र: जिले के रॉबर्ट्सगंज स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा महोत्सव बड़े उत्साह और उत्सव के माहौल में मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जागृति अवस्थी ने की। इस आयोजन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, इसके बाद महिलाओं ने अपने संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानियां साझा कीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया। मुख्य आकर्षण रहा तिरंगा राखी बनाने की प्रतियोगिता, जिसमें महिलाओं ने मात्र 10 मिनट में बेहद सुंदर और रचनात्मक राखियां बनाईं। जब महिलाओं ने पूछा कि सबसे सुंदर राखी किसकी है, तो CDO जागृति अवस्थी ने कहा, "सभी राखियां बेहतरीन हैं, किसी एक को चुनना बहुत मुश्किल है।" इसके अलावा महिलाओं ने रंगोली बनाई, देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया, और पूरे आयोजन को एक सांस्कृतिक रंग दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। सीडीओ जागृति अवस्थी ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है और आजीविका व सशक्तिकरण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समाज में महिलाओं के आत्मविश्वास और भागीदारी को बढ़ाती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। समूह की सदस्य सावित्री देवी ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक बड़े अधिकारी के साथ बैठने, बात करने और नृत्य करने का अवसर मिलेगा।" इस कार्यक्रम ने जहां देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, वहीं महिलाओं के मनोबल को भी नया आयाम दिया।