सोनभद्र: उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा के बीच एक ऐसा भावुक क्षण सामने आया जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब शुक्रवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान एक पीड़ित महिला ने अपनी साड़ी फाड़कर उन्हें राखी बांधी और भावुक स्वर में बोलीं — "आप मेरे लिए श्रीकृष्ण जैसे हैं।" यह महिला थीं धनगौरी बरौलिया, जो गुजरात के अहमदाबाद (ईशनपुर) से अपने परिवार के साथ गंगोत्री दर्शन के लिए उत्तरकाशी आई थीं। 5 अगस्त को धराली क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और मलबे से सारा मार्ग बंद हो गया। उनका परिवार भी इस आपदा में बुरी तरह फंस गया था। सीएम धामी के नेतृत्व में चलाए गए राहत कार्यों से उन्हें सुरक्षित निकाला गया। मुख्यमंत्री को सामने देखकर धनगौरी भावुक हो उठीं और कृतज्ञता के भाव से अपनी साड़ी का किनारा फाड़कर राखी बांधी। उनका यह प्यार और भरोसा देख वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं। धनगौरी ने कहा, "जिस तरह श्रीकृष्ण ने द्रौपदी की लाज बचाई थी, उसी तरह आप भी संकट की इस घड़ी में हमारे रक्षक बनकर आए।" यह दृश्य आपदा के मंजर के बीच मानवीय करुणा और भरोसे की मिसाल बन गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी महिला की राखी को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया और भरोसा दिलाया कि हर प्रभावित व्यक्ति तक सरकार की मदद पहुंचेगी।