सोनभद्र: सोनभद्र। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा रक्षा बंधन के मौके पर शनिवार सुबह अपनी बहन आभा राय के घर उनसे राखी बंधवाई। सुबह 10:15 बजे राखी बंधवाने के बाद 11:50 बजे निर्धारित प्रोटोकॉल के साथ उनका काफिला बाबतपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ, जहां से वे जम्मू-कश्मीर लौट जाएंगे। एलजी मनोज सिन्हा का काफिला शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे आमडीह पहुंचा था। उनके आगमन को लेकर शुक्रवार से ही जिले के आला अधिकारियों ने आमडीह राजमार्ग से घर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए थे। सूचीबद्ध लोगों को ही आवास तक जाने की अनुमति थी और लगातार निगरानी जारी रही। काफिला रवाना होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।मनोज सिन्हा अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद हर साल रक्षा बंधन पर बहन से राखी बंधवाने जरूर आते हैं। रेल राज्यमंत्री रहते हुए भी वे इस परंपरा को निभाते रहे हैं।